इस दिव्य स्थान पर, श्री कृष्ण ने अपने हातों से श्री राधा रानी का फूलों से श्रृंगार किया । श्रृंगार का अर्थ है सजाना और वट का अर्थ बरगद का वृक्ष है। यह वृन्दावन में सबसे पुराने स्थानों और मंदिर में से एक है। ऐसा कहा जाता है कि एक बार श्री राधा रानी ने, रास (नृत्य) छोड़कर मान लीला करी और बरगद के वृक्ष (श्रृंगार वट) के नीचे खुद को छुपा लिया। बाद में, श्री कृष्ण राधा रानी की तलाश में उस जगह पर पहुंचे और उन्होंने बरगद के वृक्ष के नीचे श्री राधा रानी को पाया । इस वृक्ष के नीचे बैठे हुए उन्होंने अपने हाथों से श्री राधा रानी का श्रृंगार किया। फूलों के साथ श्री राधा रानी के केश सजाए और अंजन (काजल) को उनकी चमकीली आँखों में लगाया और उनके शरीर को अनमोल हीरों से सजाया। वृन्दावन की अपनी यात्रा के दौरान, नित्यानंद प्रभु भगवान श्री कृष्ण के नाम जपते हुए इस बरगद के वृक्ष के नीचे रहते थे, जो पूरी तरह से श्री कृष्ण की लीला में लीन थे । कभी-कभी वह भगवान श्री कृष्ण के वियोग से रोते थे।
श्री जीव गोस्वामी की जप माला, नित्यानंद प्रभु के पहने हुए आभूषण, और श्री रूप गोस्वामी, जीव गोस्वामी द्वारा लिखित ग्रन्थ को श्रृंगार वट, वृंदावन में आज भी सुरक्षित रखा गया है। कोई चाहे तो आज भी दर्शन कर सकता है।
स्थान:
श्रृंगार वट इमली तला के निकट यमुना जी के किनारे स्थित है।

