मन लाग्यो भान दुलारी सों - श्री किशोरी अलि

मन लाग्यो भान दुलारी सों - श्री किशोरी अलि

(राग सोरठा)
मन लाग्यो भान दुलारी सों॥
कीरति कुल मंडन दुख खंडन, वर बरसाने बारी सों।
गोरी भोरी वैस किशोरी, भृकुटी नैंन अनियारी सों॥ [1]
दामिनी सी भामिनि तन सोहैं, नील बरन सुभसारी सों।
कल कपोल रुरक अलकावलि, नासा नथ झलकारी सों॥ [2]
लिलितादिक सखियन की जीवनी, बंशी नाम उचारी सों।
दीजे दास वेगि अलिको, यह विनती रुप उजारी सों॥ [3]

- श्री किशोरी अलि

मेरा मन वृषभानु की दुलारी, श्री राधा में रम गया है। वे माता कीर्ति के कुल का गौरव बढ़ाने वाली, समस्त दुखों का नाश करने वाली और श्रेष्ठ बरसाने में वास करने वाली हैं। वे गौर वर्ण की हैं और भोली छवि वाली हैं जो सदा किशोर अवस्था में रहती हैं, जिनकी टेढ़ी भौंहें और तीखे नेत्र अत्यंत चित्ताकर्षक हैं। [1]

उन महारानी जी का शरीर नीले रंग की सुंदर साड़ी में बिजली के समान दमक रहा है। उनके सुंदर कपोलों पर अलकें (केशों की लटें) झूल रही हैं और नासिका में पहनी हुई नथ अपनी चमक बिखेर रही है। [2]

वे ललिता आदि सखियों के जीवन का आधार हैं और वंशी अलि जी सदा उन्हीं का नाम जपते हैं (अथवा स्वयं कृष्ण की बाँसुरी भी निरंतर उन्हीं के नाम का उच्चारण करती है)। श्री किशोरी अलि विनती करते हुए कहते हैं कि हे उज्ज्वल रूप की राशि, श्री राधा! मुझे अति शीघ्र ही अपनी दासता प्रदान करें। [3]