करी गोपाल की सब होइ - श्री सूरदास, सूरसागर (262)

करी गोपाल की सब होइ - श्री सूरदास, सूरसागर (262)

(राग धनाश्री)
करी गोपाल की सब होइ।
जो अपनौ पुरुषारथ मानै, अति ही झूठो सोइ॥ [1]
साधन मंत्र जंत्र, उद्यम बल, ये सब डारौं धोइ।
जो कछु लिखि राखी नंदनंदन, मेटि सकै नहिं कोइ॥ [2]
दुख-सुख, लाभ-अलाभ समुझि तुम, कतहिं मरत हौ रोइ।
'सूरदास' स्वामी करुनामय, स्याम-चरन मन पोइ॥ [3]

- श्री सूरदास, सूरसागर (262)

जो कुछ संसार में होता है, वह श्रीकृष्ण ही करते हैं। जो कोई यह सोचता है कि सब कुछ मेरे पुरुषार्थ से ही सम्पन्न होता है, वह अत्यंत झूठा है। [1]

इसलिए साधन, मंत्र, यंत्र, उद्यम, बल—इन सबको उठाकर फेंक दो और श्रीकृष्ण की शरण में हो जाओ, क्योंकि जो कुछ उन्होंने लिख रखा है, उसको मिटाने वाला कोई नहीं है। [2]

संसार में दुःख-सुख और लाभ-अलाभ होते रहते हैं। इनके पीछे रो-रोकर क्यों मरते हो? श्री सूरदास कहते हैं कि तुम परम करुणामय श्रीकृष्ण के चरणारविंद में अपना मन सदा लगाए रखो। [3]