हे हरि ब्रजबासिन मुहिं कीजे - रूप कुँवरि जी

हे हरि ब्रजबासिन मुहिं कीजे - रूप कुँवरि जी

(राग सारंग - ताल तिताला)
हे हरि ब्रजबासिन मुहिं कीजे॥ [1]
चह व्रज ग्वाल बाल गोपिनके, चह ब्रज बनचर कीजे।
चह ब्रज धेनु चाहि ब्रज बछरा, चह ब्रज तृणचर कीजे॥ [2]
चह ब्रज लता चहै ब्रज सरिता, चह ब्रज जलचर कीजे।
चह ब्रज कीच नीच ऊँचन घर, चह ब्रज फणचर कीजे॥ [3]
चह ब्रज बाट घाट पनघट रज, चह ब्रज थलचर कीजे।
चह ब्रज भूप-भवनकी किंकरि, चह ब्रज घुड़चर कीजे॥ [4]
चह ब्रज चकइ चकोर मोर कर, चह ब्रज नभचर कीजे।
रूपकुंवरि दासी दासिनकी, चह अनुचरी करीजे॥ [5]

- श्री रूप कुँवरि जी

हे श्रीहरि! मुझे किसी भी प्रकार से बस ब्रज का वास प्रदान कीजिए। [1]

उसके लिए चाहे मुझे ब्रज के ग्वाल-बालों और गोपियों के परिवार में स्थान दीजिए या ब्रज का कोई वनचर जीव बना दीजिए। चाहे मुझे ब्रज की गाय, बछड़ा अथवा घास चरने वाला कोई भी पशु-पक्षी बना दीजिए। [2]

चाहे मुझे ब्रज की लता, ब्रज की नदी या उसमें रहने वाला जलचर बना दीजिए। चाहे ब्रज की कीचड़, ऊँचे-नीचे घरों का अंश अथवा ब्रज का कोई सर्प बना दीजिए। [3]

चाहे मुझे ब्रज के रास्तों, घाटों और पनघटों की धूल बना दीजिए अथवा कोई थलचर जीव बना दीजिए। चाहे ब्रज के राजा के महल की दासी बना दीजिए या घोड़ों की देखभाल करने वाला सेवक बना दीजिए। [4]

चाहे मुझे ब्रज की चकवी, चकोर, मोर अथवा आकाश में उड़ने वाला कोई पक्षी बना दीजिए। श्री रूपकुँवरि जी कहती हैं कि हे प्रभु! चाहे मुझे अपनी दासियों की दासियों की भी दासी बनाकर रख लीजिए, पर सदा ब्रजवासी ही बनाए रखिए। [5]