विवि किशोर हित लाडिले - श्री लाड़लीदास

विवि किशोर हित लाडिले - श्री लाड़लीदास

विवि किशोर हित लाडिले, कुञ्जनिकुञ्ज विहार।
लोक अलौकिक रीति सब, खेलत खेल अपार॥ [1]
तहां सेव्य श्रीराधिका, सेवक मोहनलाल।
ये चकोर वे चन्द्रमा, यह निकुञ्ज की चाल॥ [2]
भाव पलट व्रज में प्रगट, वे चकोर ये चन्द।
लोक जनन कों लोकवत्, देत सदा आनन्द॥ [3]

- श्री लाड़लीदास

निकुञ्ज भाव की ब्रज भाव से विलक्षण रीति का वर्णन करते हुए श्री लाडिली दास जी कहते हैं कि निकुञ्ज भाव में श्रीराधा ही सेव्य हैं, अर्थात् प्रधान प्रीति का विषय हैं। वहीं प्रकट ब्रजलीला में यह भाव पलट जाता है अर्थात् वहाँ श्रीकृष्ण सेव्य हैं, अर्थात् प्रधान प्रीति का विषय हैं।

श्रीहित के परम लाडिले दोनों किशोर प्रियाप्रियतम श्रीराधा-मोहन विविध कुञ्ज-निकुञ्जों में विहार करते हुए लौकिक एवं अलौकिक रीतियों से अनन्त प्रेममयी लीलाएँ करते हैं। [1]

श्रीनिकुञ्ज में श्रीराधिका सेव्य हैं और मोहनलाल श्रीकृष्ण उनके सेवक हैं। वहाँ श्रीकृष्ण चकोर के समान हैं और श्रीराधा चन्द्रमा के समान हैं। जिस प्रकार चकोर अनन्य अनुराग से चन्द्रमा को निहारता है, उसी प्रकार श्रीकृष्ण श्रीराधा के प्रेम एवं माधुर्य में निमग्न रहते हैं। श्रीनिकुञ्ज की यही स्वाभाविक एवं विलक्षण रीति है। [2]

प्रकट ब्रजलीला में यही भाव पलटकर प्रकट होता है। वहाँ श्रीराधा चकोर के समान हैं और श्रीकृष्ण चन्द्रमा के समान हैं। इस प्रकार दोनों प्रियाप्रियतम लोकवत् भाव से लीला करते हुए लौकिक जनों को सदैव आनन्द प्रदान करते हैं। [3]